पीलीभीत के गैस चौराहे के पास लगे ट्रांसफार्मर में फेस सही करता कर्मी।स्रोत:ऊर्जा निगम
पीलीभीत। रामलीला फीडर पर मरम्मत कार्य के चलते कई मोहल्लों की बिजली एक घंटा गुल रही। इसके अलावा भी शहर के कई इलाकों में कटौती होने से उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिल सकी।
मंगलवार-बुधवार की रात लोगों को बिजली कटौती होने से दिक्कतें रहीं। देर रात शहर की बिजली व्यवस्था सही हो सकी, तब लोगों ने राहत महसूस की। बुधवार की सुबह से ही शहर में फिर से बिजली कटौती की समस्या होने लगी। सुबह करीब नौ बजे गैस चौराहे के पास रखे ट्रांसफार्मर में फेस की दिक्कत आने से लोगों के बिजली उपकरण नहीं चल सके। सूचना पर पहुंची ऊर्जा निगम की टीम ने काफी मशक्कत के बाद वहां की व्यवस्था सही कराई।
इसके अलावा रामलीला फीडर पर मरम्मत कार्य के चलते वहां की बिजली करीब एक घंटा बंद रही। इससे शहर के मोहल्ला नई बस्ती, काला मंदिर, राजीव कॉलोनी, नौगवां पकड़िया, रेलवे लाइन के आसपास, बल्लभ नगर, रामनगर, बरहा, लकड़ी मंडी समेत कई इलाकों में घंटों बिजली नहीं मिल सकी। इससे उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इसके अलावा भी शहर के कई इलाकों में कटौती की समस्या बरकरार रही। जेई जहांगीर आलम ने बताया कि रामलीला फीडर पर कुछ काम कराया गया था। इससे कुछ मोहल्लों की बिजली प्रभावित हुई थी, जिसे सही करा दिया गया।