बीसलपुर। संबंधित पोर्टल न खुलने के कारण किसानों के घोषणा पत्र नहीं भर पा रहे हैं। किसानों ने कई बार जिम्मेदारों से शिकायत की, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली।
प्रदेश के गन्ना आयुक्त के निर्देश पर इस समिति क्षेत्र में लगभग एक पखवाड़ा पूर्व गन्ना सर्वे शुरू हो गया था। गन्ना सर्वे करने वाले कर्मचारियों को निर्देश दिया गया था कि वे सर्वे करने के साथ-साथ किसानों को घोषणा पत्र भरने के लिए भी प्रेरित करें।
गन्ना विभाग के उच्चाधिकारियों ने यह एलान भी किया कि जो किसान घोषणा पत्र नहीं भरेगा, उसे नए सत्र में गन्ने की पर्चियां नहीं मिलेंगी। उच्चाधिकारियों ने यह एलान तो कर दिया , लेकिन अब तक घोषणा पत्र भरने वाला गन्ना विभाग का पोर्टल नहीं खुला। पोर्टल न खुलने से कई किसान अपने घोषणा पत्र नहीं भर पा रहे है।
इस संबंध में शिक्षित किसान तो मोबाइल फोन पर पोर्टल खुला होने या न खुला होने की जानकारी कर लेते हैं, लेकिन अशिक्षित किसान घोषणा पत्र भरने के लिए साइबर कैफे पर जाते हैं और मायूस होकर लौट आते हैं। इस अव्यवस्था को लेकर किसानों में विभाग के प्रति रोष है। इस बीच प्रब़ुद्ध किसानों ने विभागीय उच्चाधिकारियों से इस संबंध में फोन पर कई बार संपर्क किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे उनमें विभाग के प्रति रोष है।
बता दें कि नियमानुासर यह पोर्टल एक माह पहले ही खुल जाना चाहिए था। अज्ञात कारणवश अब तक पोर्टल खुल नहीं पाया है।
-
60 हजार गन्ना किसानों के भरे जाने हैं घोषणा पत्र
गन्ना समिति से जुड़े 60 हजार किसानों के घोषणा पत्र भरे जाने हैं। यह किसान पीलीभीत, शाहजहांपुर और बरेली जिलों के रहने वाले हैं। दरअसल इन तीनों जिलों के किसान गन्ना समिति बीसलपुर के माध्यम से अपनी निकटवर्ती चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति करते हैं। इसमें सर्वाधिक गन्ना किसान पीलीभीत जिले के हैं।
-
विभागीय अधिकारी तत्काल खुलवाएं पोर्टल
घोषणा पत्र भरने के लिए कई बार बीसलपुर के साइबर कैफे पर जा चुका हूं, लेकिन अब तक पोर्टल नहीं खुला है। इस वजह से दिक्कत आ रही है। विभागीय अधिकारियों का दायित्व है कि वे तत्काल पोर्टल खुलवाएं।
- अवनीश त्रिगुणायत, गन्ना कृषक गांव चठिया सेवाराम
-
पोर्टल न खुलने के लिए है अफसर जिम्मेदार
गन्ना विभाग के उच्चाधिकारी पोर्टल खुलवाने में कोई रुचि नहीं ले रहे है। इस वजह से घोषणा पत्र नहीं भरे जा पा रहे हैं। पोर्टल न खुलने के लिए विभागीय उच्चाधिकारी पूरी तरह से जिम्मेदार है।
-आरिफ बाबू, गन्ना कृषक गांव पहाड़गंज
-
बहुत जल्द पोर्टल खुल जाएगा। इस संबंध में विभाग किसानों की पूरी मदद करेगा। किसानों को कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
-डॉ. खुशीराम भार्गव, डीसीओ, पीलीभीत
अवनीश त्रिगुणायत ।