घुंघचाई। हरदोई ब्रांच नहर के पास स्थित नाले की सफाई न होने से किसानों के खेतों में पानी भर रहा है। फसलें बर्बाद होने से किसान परेशान हैं। समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन उनका निस्तारण नहीं हो सका है। अब किसानों ने सिंचाई मंत्री को पत्र भेजा है। घुंघचाई थाना क्षेत्र की हरदोई नहर के पास क्षेत्र के डूंडा, खानपुर चुकटिहाई, मटैहना, दंदौल, पडरी, सिमरिया ता. अजीतपुर बिल्हा के किसानों की कृषि भूमि हरदोई ब्रांच नहर के पास स्थित है।
नहर के किनारे पूर्वी साइड पर बने नाले की बरसों से साफ-सफाई नहीं हुई, जिससे पूर्ण रूप से नाला बंद हो चुका है। इसके चलते सैकड़ों किसानों की कृषि भूमि में पानी पहुंच रहा है।
खेतों में दलदल और पानी होने के चलते किसानों की फसल नष्ट हो गई।
नहर ओवर फ्लो होने पर तेजी के साथ पानी खेतों में भरता है। इससे खेतों की जोताई नहीं हो पा रही है। साथ ही धान की फसल भी नहीं हो पा रही है। पानी को सूखने में भी अभी समय लग रहा है। इस कारण खेत भी सूख नहीं पा रहा है।
किसानों ने कई बार बरेली जाकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भी जानकारी दी, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। सिंचाई मंत्री से शिकायत करने वालों में भूपेंद्र सिंह काले, बलजिंदर सिंह, बाबूराम, राजाराम, हरीप्रसाद, अमित कुमार, कमलेश, कुलदीप, बुलाकी राम, संदीप सिंह, जसवंत सिंह, जगजीत सिंह, बादशाह, हरिप्रसाद, अमित कुमार सहित कई किसानों के हस्ताक्षर हैं।