बुधवार की सुबह आसमान से गिरे गुब्बारायुक्त यंत्र से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग इसे देखने पहुंचे। सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने यंत्र को कब्जे में लेकर थाना में जमा करा दिया। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के गांव नजीरगंज निवासी किसान राममूर्ति का खेत गांव से कुछ दूरी पर है। सुबह करीब 8:30 बजे गुब्बारा युक्त फाइबर का बना कोई यंत्र उनके खेत में गिरा। इसकी सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग उसे देखने पहुंच गए। कोई इसे विदेशी खुफिया विभाग का यंत्र बता रहा था तो कोई चीन से छोड़ा गया यंत्र। सूचना मिलने के कुछ देर बाद ही यूपी 100 की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने यंत्र को कब्जे में लेकर जांच की तो उसमें दो सेल भी लगे थे। हालांकि इस यंत्र का किसी दूसरे देश से संबंध होने की आशंका जताई जा रही है। यूपी 100 पुलिस इसे खेत से उठाकर थाने ले गई। थाने में भी पूरा स्टाफ इसे देखकर तरह तरह के कयास लगाता रहा। एसओ ने इसकी सूचना जिला मुख्यालय को दे दी है। फिलहाल यंत्र को थाने में रखवा दिया गया है। सीओ पूरनपुर अनुराग दर्शन ने बताया कि यंत्र की जांच कराई जाएगी। उसके बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकेगा।