पीलीभीत। होलिका दहन के साथ ही रंगोत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने जिलेभर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स की तैनाती के साथ ड्रोन से निगरानी की जा रही है। किसी भी सूचना पर पांच मिनट के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
बुधवार सुबह से जिलेभर में होली का रंगोत्सव मनाया जाएगा। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की शांति व्यवस्था भंग न हो, इसके लिए शहर के साथ-साथ बीसलपुर और पूरनपुर में पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में पीएसी के जवान मुस्तैद रहेंगे, जबकि मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भी अतिरिक्त सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। जिले को पांच जोन और 17 सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया गया है।
थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम कुकरीखेड़ा और थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के ग्राम जंगरौली पुल क्षेत्र में पूर्व में हुए विवादों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 39 क्लस्टर मोबाइल यूनिट सक्रिय की गई हैं। जिले में चार सीओ, 15 इंस्पेक्टर, 80 उपनिरीक्षक, करीब 700 सिपाही, होमगार्ड और 50 से अधिक महिला कांस्टेबलों की तैनाती की गई है। इसके अलावा एक कंपनी पीएसी को भी लगाया गया है, जो चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखेगी। ड्रोन कैमरों से प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा 25 क्विक रिस्पॉन्स टीम भी लगाई गई है। 52 स्थान अतिसंवेदनशील को चिह्नित कर विशेष नजर रखी जा रही है।
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि पुलिस अलर्ट मोड पर है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील मार्गों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष नजर रखी जा रही है। संवाद
इन नंबरों पर दें सूचना:
पुलिस कंट्रोल रूम: 05882-255415
यूपी डायल 112
एएसपी: 9454401107