शारदा डैम के ऊपर
हेलीकाप्टरनुमा यंत्र घूमता देख स्थानीय निवासियों में हड़कंप मच गया। उसे
देखने के लिए भीड़ जुट गई। सूचना पर एसएसबी के जवान भी पहुंच गए। बाद में
पता चला कि उक्त यंत्र के माध्यम से डैम में एकत्र सिल्ट का सर्वे किया जा
रहा है।
शनिवार दोपहर शारदा डैम के 0.600 मीटर के ऊपर एक छोटा
हेलीकाप्टरनुमा यंत्र देख एक ग्रामीण ने इसकी सूचना अन्य को दी। कुछ ही देर
में यंत्र को देखने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई। करीब आधे घंटे बाद यंत्र
लहराता हुआ डैम के समीप घास में जा गिरा। सूचना मिलते ही एसएसबी के जवान भी
मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद विभाग के अभियंता जीपीएस के सहारे
उक्तयंत्र को खोजते हुए वहां आ पहुंचे। ग्रामीणों ने उन्हें यंत्र घास में
पड़े होने की जानकारी दी। अभियंताओं ने ग्रामीणों को बताया कि यह कि जासूसी
यंत्र नहीं है। यह ड्रोन कैमरा है। इसके माध्यम से डैम की सिल्ट का सर्वे
किया जा रहा है।
इस दौरान शारदा सागर डैम के अभियंता वीरेंद्र्र यादव,
रामेश्वर सिंह, सर्वे कंपनी के ए. कुमार, मंजू आदि मौजूद रहे। अभियंताओं ने
बताया कि सिल्टिंग का हवाई सर्वे के बाद ग्राउंड सर्वे किया जाएगा। यह काम
चार दिन तक चलेगा।