पीलीभीत। इज्जतनगर रेल मंडल की मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वीणा सिन्हा ने सोमवार को सुरक्षा और सतर्कता अभियान के तहत इज्जतनगर से पीलीभीत तक पूर्णागिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस के इंजन में बैठकर फुटप्लेट निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोको पायलट के साथ रेल संचालन की व्यवस्थाओं और सुरक्षा संबंधी पहलुओं की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने इंजन के केबिन में मौजूद व्यवस्थाओं को देखा और लोको पायलट से संचालन के दौरान आने वाली समस्याओं तथा उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। अपराह्न करीब ढाई बजे जब जनशताब्दी एक्सप्रेस पीलीभीत स्टेशन पहुंची तो इंजन में डीआरएम को देखकर रेल कर्मियों में हलचल मच गई। इंजन से उतरने के बाद उन्होंने यहां मौजूद अधिकारियों और सुपरवाइजरों से संक्षिप्त बातचीत की। इसके बाद डीआरएम सीधे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में पहुंचीं और अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद डीआरएम वाहन से वापस इज्जतनगर मंडल मुख्यालय के लिए रवाना हो गईं। संवाद