डीआरएम सीएम जिंदल शनिवार सुबह रुहेलखंड एक्सप्रेस में लगे विशेष सैलून से रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने स्टेशन परिसर की साफ सफाई का जायजा लिया। टिकट घर के समीप स्थित मुसाफिर खाने में फर्श समतल न मिलने पर नाराजगी जताई और तत्काल समतल कराने के निर्देश दिए। टिकटघर में रेलिंग न होने पर रेलिंग लगाने के निर्देश दिए। डीसीएम यशपाल सिंह ने टिकटघर के भीतर मौजूद एक टिकट वितरक के पदनाम का बैच न मिलने पर जमकर लताड़ लगाई और हिदायत दी। डीआरएम को प्लेटफार्म के निरीक्षण के दौरान उन्हें कई यात्री जमीन पर बैठे दिखे, जिस पर उन्होंने नई बैंचों को लगाने के निर्देश दिए। रेलवे भोजनालय का भी निरीक्षण किया और मिली खामियों को दुरुस्त कराने को कहा। इस दौरान उन्होंने स्थानीय रेल अफसरों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ आरपीएफ कमांडेंट एमएस राना भी मौजूद रहे। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद इजराइल, सीएचआई एसके कमल, मुख्य चल टिकट निरीक्षक शेर सिंह समेत अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
अगले साल लिया जाएगा मेगा ब्लाक
डीआरएम सीएम जिंदल ने बताया कि गेज कन्वर्जन को लेकर रेल मार्ग पर मेगा ब्लाक अगले साल लिया जाएगा। यह जानकारी उन्होेंने प्रेसवार्ता के दौरान दी। बताया कि सबसे पहले मैलानी-ऐशबाग मेगा ब्लाक लिया जाएगा। उसके बाद ही मैलानी-भोजीपुरा पर ब्लाक लिया जाएगा। कुछ रुटों पर फंड के कमी के चलते चल रहे ब्राडगेज कंवर्जन कार्य में देरी हो रही है। उम्मीद है कि आने वाले रेल बजट में इसके लिए धनराशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि शाहजहांपुर-पीलीभीत ब्राडगेज प्रोजेक्ट का प्रस्ताव बनाकर भेजा जा चुका है। इस रेल बजट में धनराशि मिलने की उम्मीद है। अगले माह शुरू होने वाले पूर्णागिरि मेले के दौरान चलने वाली मेला स्पेशल ट्रेनों के बारे में बताया कि पूर्व की भांति मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।