सुनगढ़ी इंस्पेक्टर की सख्ती के बाद पहुंची पुलिस ने खुलवाया
बड़े वाहनों के नो इंट्री में प्रवेश होने पर बिगड़ी थी व्यवस्था
शहर की बेपटरी यातायात व्यवस्था एक बार फिर राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई। घरों से काम पर निकले लोग रेलवे स्टेशन रोड पर सुनगढ़ी थाने के पास पहुंचते ही जाम के झाम में फंस गए। नो इंट्री में वाहनों का प्रवेश होते ही समस्या भीषण हो गई। ढाई घंटे तक पब्लिक जाम में परेशान होती रही, लेकिन यातायात पुलिस बेखबर रही। हंगामा बढ़ने पर पहुंची सुनगढ़ी पुलिस ने बमुश्किल यातायात सुचारू कराया।
बुधवार दोपहर को रेलवे स्टेशन रोड पर सुनगढ़ी थाने के पास जाम के हालात बन गए। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बड़े वाहनों के नो इंट्री में प्रवेश होते ही जाम लग गया। कुछ ही देर में गांधी स्टेडियम, छतरी चौराहा, नई बस्ती, गैस चौराहा के रास्ते पर वाहनों की कतार लग गईं। कुछ देर राहगीरों ने इंतजार किया, लेकिन इसके बाद हल्ला शुरू कर दिया। जाम में फंसे लोग आपस में भिड़ना शुरू हो गए। हंगामा होता रहा, लेकिन यातायात सुधार के दावे करने वाली ट्रैफिक पुलिस का एक सिपाही भी मौके पर दिखाई नहीं दिया। स्कूल से घर लौट रहे बच्चे भी जाम में परेशान हो गए। काफी समय बाद सुनगढ़ी इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा। जिसके बाद जाम खुलवाया जा सका।