आठ माह से वेतन न मिलने के विरोध में डीआरडीए कर्मियों ने मंगलवार को भी काली पट्टी बांधकर काम किया।
ग्राम्य विकास संस्थान में तैनात करीब 13 अधिकारी-कर्मचारियों को वेतन के लिए काफी परेशान होना पड़ता है। कई माह तक वेतन रुका रहता है, जिससे काफी दिक्कत होती है। 25 अप्रैल को ऑल इंडिया डीआरडीए स्टाफ वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में डीआरडीए कर्मियों ने सामूहिक अवकाश लेकर दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास पर धरना दिया था। आंदोलन के अगले क्रम में अब उप्र डीआरडीए इम्प्लाइज यूनियन के तत्वावधान में काली पट्टी बांधकर विरोध जताया जा रहा है। सोमवार से शुरू हुआ यह विरोध मंगलवार को भी जारी रहा और छह मई तक चलेगा। कर्मियों ने बताया कि सात मई को सभी कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर शाम को गेट मीटिंग करेंगे और 10 मई को लखनऊ में एकत्र होकर जवाहर भवन से मुख्यमंत्री आवास तक रैली निकालकर विरोध-प्रदर्शन करेंगे। काली पट्टी बांधकर विरोध करने वालों मेें अर्थ एवं संख्या अधिकारी जेसी जोशी, अभियंता एसपी सिंघल, नवेंदु जैन, विमल कुमार, इब्राहीम, कपीश कुमार, मोहन सिंह, अनुरोध कुमार, राकेश कुमार, मुकेश, खरगसेन, हरिजिंदर सिंह आदि शामिल रहे।