बरखेड़ा। बरखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इमरजेंसी सेवाओं की रविवार शाम उस समय पोल खुल गई, जब सड़क हादसे में घायल दंपती को डायल-112 पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन ड्यूटी पर कोई चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। ग्राम भैसहा ग्वालपुर निवासी प्रेमपाल और उनकी पत्नी फूलमती बाइक से लौटते समय बर्रामऊ के पास सड़क पर कुत्तों के टकराने से गिरकर घायल हो गए। अस्पताल में वार्ड बॉय व अन्य स्टाफ ने प्राथमिक उपचार किया, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों ने डॉक्टर के न मिलने पर नाराजगी जताई। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. लोकेश गंगवार ने बताया कि इमरजेंसी ड्यूटी पर डॉ. शिवम राठौर की तैनाती थी। अनुपस्थित रहने का मामला गंभीर है। इसकी जांच की जाएगी। संवाद