मतदान के बाद ईवीएम जमा होने तक पार्टी न छोड़ें सुरक्षाकर्मी
सोमवार दोपहर ढाई बजे पुलिस लाइन ग्राउंड पर चुनाव कराने के लिए आए बाहरी फोर्स को इकट्ठा किया गया। इसके बाद अधिकारियों ने उनको ड्यूटी कार्ड देने के साथ ही काम करने के तरीके बताए। डीएम मासूम अली सरबर ने कहा कि किसी भी कीमत पर लापरवाही न बरतें। सुरक्षाकर्मी मतदान होने के बाद ईवीएम को सुरक्षित स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने तक ड्यूटी पर रहेंगे। इससे पहले अगर कोई गायब होता है, तो कार्रवाई तय है। चुनाव के बाद ईवीएम सुरक्षित रखने तक कोई भी अपनी पार्टी छोड़कर नहीं जाएगा। जिस वाहन से उनको रवाना किया जा रहा है, उसी से उनकी वापसी टीम के साथ होगी। अगर कोई अलग से अपने निजी वाहन से आता-जाता पकड़ा गया तो तत्काल दंडित किया जाएगा। एसपी देव रंजन वर्मा ने कहा कि नेपाल और उत्तराखंड सीमा से सटा होने के कारण जिले में सुरक्षा के सख्त बंदोबस्त किए गए है। मतदान सुरक्षा को 13 जोन 99 सेक्टर में बांटा गया है। कुल 35 बैरियर बनाए गए है। इसमें आठ अंतर्राष्ट्रीय, 13 अंतर्राज्यीय और 14 अंतर्जनपदीय है। सोमवार शाम से बैरियर पर ड्यूटी शुरू हो जाएगी। मतदान में व्यवधान डालने वालों से सख्ती से निपटा जाए। तय सीमा से आगे कोई भी एजेंट प्रवेश न कर सके। सीपीएमएफ और पीएसी के अलावा भारी पुलिस बल रहेगा। इस मौके पर एएसपी डा.रामसुरेश यादव, सीओ सिटी अनुराग दर्शन, सीओ पूरनपुर बीपी सिंह, सीओ बीसलपुर हरीश भदौरिया, सीओ सदर निशांक शर्मा मौजूद थे।