खेत का निरीक्षण के लिए जाते डीएम आलोक कुमार। स्रोत सूचना विभाग।
पीलीभीत। हाल में हुई मूसलाधार बारिश से जलभराव के कारण प्रभावित धान की फसल का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी आलोक कुमार शुक्रवार को खेतों में पहुंचे। उन्होंने कलीनगर तहसील के भवसी, पूरनपुर के अंडबोझी, कंजरी निरंजनपुर और माधोटांडा क्षेत्र के अमृतपुर गांव में पहुंचकर फसलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित किसानों से बातचीत कर नुकसान की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने किसानों को भरोसा दिलाया कि आपदा की इस स्थिति में शासन और प्रशासन उनके साथ है। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को प्रभावित फसलों का जल्द सर्वे कराने और वास्तविक नुकसान दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सर्वे सूची में किसी भी वास्तविक पीड़ित किसान का नाम छूटना नहीं चाहिए। एसडीएम पूरनपुर ने बताया कि जलभराव के कारण करीब 281 हेक्टेयर से अधिक कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ है। शारदा पार क्षेत्र के गांवों में भी धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीमें प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे कर रही हैं, ताकि नियमानुसार किसानों को जल्द मुआवजा दिलाया जा सके। डीएम ने कहा कि फसल के नुकसान की भरपाई और किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पूरनपुर, एसडीएम कलीनगर समेत अन्य अधिकारी और किसान मौजूद रहे। संवाद