पीलीभीत। मरौरी ब्लॉक सभागार में बृहस्पतिवार को डीएम ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में ग्राम प्रधान प्रशासकों, बीडीसी सदस्यों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में ग्रामीण विकास, आवास योजनाओं, आयुष्मान कार्ड, प्राकृतिक खेती और ग्राम पंचायतों की विकास कार्ययोजनाओं पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना में सूची से नाम कटने की शिकायतें कीं। इस पर उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायतों से शीघ्र विकास कार्ययोजनाएं तैयार कर ब्लॉक स्तर पर दिए जाने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से गांवों को आदर्श गांव बनाया जा सकता है। बैठक में किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। डीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत से कम से कम 10 बेरोजगार युवाओं और युवतियों को मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के ऋण से लाभांवित किया जाएगा। सीडीओ सतीश प्रसाद मिश्र ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जनपद को 1787 आवासों का लक्ष्य मिला है, जबकि अब तक 890 पात्र लाभार्थियों की सूची ही प्राप्त हुई है। इस मौके पर बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, ब्लॉक प्रमुख सभ्यता वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद