डीएम मासूम अली सरवर बीसलपुर के भाजपा विधायक रामसरन वर्मा से मिले बगैर चैंबर से उठकर चले गए। इस पर विधायक ने फोन कर डीएम से नाराजगी जताई और इसे विधायिका का अपमान बताया। उन्होंने कहा अपमान का यह मामला विधानसभा में उठाया जाएगा।
हुआ यूं कि विधायक रामसरन वर्मा सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे डीएम से मिलने उनके चैंबर में पहुंचे। उस समय जनता की भीड़ थी। उन्होंने डीएम से कहा कि जनसामान्य की बात पहले सुनी जानी चाहिए। पहले जनता की बात सुन लीजिए। मैं कलेक्ट्रेट में वकीलों के धरने पर जा रहा हूं, भीड़ समाप्त होने पर फोन से सूचित कर दें मैं चैंबर में आ जाऊंगा। इसके बाद विधायक रामसरन वर्मा कलेक्ट्रेट में ही वकीलों के बीच जाकर इंतजार करने लगे। काफी देर होने पर उन्होंने पता कराया तो पता चला कि डीएम चैंबर से उठकर चले गए हैं। इस पर विधायक ने अधिवक्ताओं के बिस्तर से ही फोन पर डीएम से वार्ता कर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यह विधायिका का अपमान है। निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की बात सुने बगैर प्रशासनिक अधिकारियों का जाना सही नहीं ठहराया जा सकता है। विधायक ने कहा कि वह मंगलवार से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में भाग लेने लखनऊ जा रहे हैं। 26 अगस्त को इस मामले में विधानसभा में उठाऊंगा।
यही हाल रहा तो नहीं लडूंगा चुनाव
डीएम से न मिलने से आहत विधायक जब पुलिस लाइन पहुंचे तो उन्होंने पत्रकारों को देख कहा कि बढ़ते भ्रष्टाचार और अधिकारियों की हठधार्मिता के आहत हूं। यदि यही हाल रहा तो वह भविष्य में चुनाव नहीं लड़ेंगे।
मैं डीएम से वार्ता करने गया था, जनता अधिक होने के कारण मैं उनसे खाली होने पर बुलाने को कहा था लेकिन डीएम बिना मिले ही चले गए। मैं इससे काफी आहत हूं और इस मामले को विधानसभा में उठाऊंगा।
रामसरन वर्मा, बीसलपुर विधायक
बीसलपुर विधायक मुझसे मिलने 12.17 बजे आए थे, भीड़ के कारण उन्होंने स्वयं 15 मिनट बाद आने को कहा था। मैंने 12.50 तक जनसमस्यांए सुनीं इसके बाद चैंबर में ही अधीनस्थों के साथ डेढ़ घंटे तक बैठक की। इसके बाद में हजारा क्षेत्र में कटान देखने निकल गया।
मासूम अली सरवर, डीएम