पीलीभीत। राष्ट्रीय राजमार्गों की प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त न मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई है। कार्यदायी संस्था को व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के लिए कहा है। साथ ही आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर भी जिम्मेदारों को निर्देश दिए हैं।
सोमवार को कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में डीएम ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। छुट्टा गोवंशों से हो रहे हादसों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सीवीओ को छुट्टा पशुओं को गोआश्रय स्थल भिजवाने के निर्देश दिए। साथ ही सींगों में रेडियम पेंट व रेडियम युक्त कॉलर पहनाने के निर्देश दिए।
डीएम ने निर्देश दिए कि 11 जुलाई से सावन माह शुरू होने जा रहा है। सड़क निर्माण एजेंसियां अपने क्षेत्र के मार्गाें का निरीक्षण कर अपेक्षित कार्य कराएं। साथ ही बीसलपुर-बरेली मार्ग की पटरी को पक्का बनाए जाने के लिए कहा। बोले-मार्गाें पर पर्याप्त संकेतक, गति सीमा बोर्ड आदि लगवाए जाएं। बिना हेलमेट बाइक चालकों को पेट्रोल न दिया जाए।
पूरनपुर व नगर पंचायत नौगवां पकड़िया के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिया कि अपने क्षेत्र में टैक्सी स्टैंड का संचालन कराएं। बैठक में सीडीओ राजेंद्र कुमार श्रीवास, एडीएम ऋतु पूनिया सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।