सदर तहसील का निरीक्षण करने के दौरान डीएम मासूम अली सरवर ने राजस्व परिषद अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता को बताया कि जिले में दो नई तहसीलों के सृजन की प्रक्रिया अंतिम दौर में है, जबकि जिले में लेखपाल और राजस्व कानूनगो की संख्या पहले से ही कम है। नई तहसील बनने के बाद स्टाफ न होने से काम में दिक्कत आएगी। इस पर अध्यक्ष ने डीएम से इसका मांग पत्र देने को कहा। अध्यक्ष के निर्देश पर डीएम ने जिले में 10 राजस्व कानूनगो उपलब्ध कराने की मांग की है। यहां बता दें कि जिले में कुल 14 राजस्व कानूनगो होने चाहिए लेकिन वर्तमान में सिर्फ चार कानूनगो जिले में तैनात हैं। वहीं लेखपालों की जिले में कुल संख्या 397 के सापेक्ष मात्र 213 है। वर्तमान में चल रही भर्ती से इनकी संख्या भी जल्द पूरी होने की उम्मीद है। यदि राजस्व परिषद से जिले को कानूनगो मिल जाते हैं तो लेखपालों के साथ ही राजस्व कानूनगो की संख्या भी पूरी हो जाएगी।
लेखपाल कर रहे कानूनगो का काम
जिले में कानूनगो की कमी होने पर लेखपालों को ही उनका काम दे दिया गया है। वर्तमान समय में सदर तहसील में पांच, बीसलपुर में चार और पूरनपुर में तीन लेखपाल राजस्व कानूनगो का काम देख रहे हैं।
एक नजर
तहसील कानूनगो के पद
सदर 05
बीसलपुर 05
पूरनपुर 04