दिव्यांग शिक्षिका का एटीएम कार्ड बदलकर एक शातिर दिमाग युवक ने उनके खाते से 1.60 लाख रुपये निकाल लिएष शिक्षिका ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव पिपरिया दुलई निवासी दिव्यांग सुपाली सिंह गांव के ही स्कूल में शिक्षिका हैं। उनका स्टेट बैंक शाखा में खाता है। सोमवार को वह अपने भाई उमेश सिंह के साथ स्टेट बैंक के एटीएम से एक हजार रुपये निकालने गई थीं। रुपये निकालकर चलते समय वहां मौजूद एक युवक ने उनका एटीएम कार्ड गिर जाने की बात कहते हुए बहाने से उनका कार्ड बदल लिया। शिक्षिका ने बताया कि मंगलवार को उनके मोबाइल पर खाते से रुपये निकालने के मैसेज आने शुरू हुए तो उन्होंने बैंक में संपर्क किया। तब पता चला कि उनके खाते से 1.60 लाख रुपये निकले जा चुके हैं। शिक्षिका का आरोप है कि बैंक शाखा प्रबंधक ने बगैर पुलिस को सूचना दिए वीडियो फुटेज दिखाने से मना कर दिया। मामले की जानकारी पर शिक्षा मित्र संयुक्त मोर्चा संघ के जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र राठौर कई शिक्षकों के साथ बैंक शाखा पहुंचे। शिक्षिका ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है।