बीसलपुर से बसपा की दिव्या गंगवार ने भरा पर्चा
नामांकन के चौथे दिन बीसलपुर सीट से बसपा प्रत्याशी दिव्या गंगवार और बरखेड़ा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में किशनलाल ने नामांकन पत्र दाखिल किया। जिले की चार सीटों के लिए अब तक 10 नामांकन हो चुके हैं। मंगलवार की सुबह से कलेक्ट्रेट पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी प्रत्याशियों का इंतजार करते रहे लेकिन दो बजे तक कोई प्रत्याशी नहीं पहुंचा। दो बजे के बाद पहले बरखेड़ा सीट के लिए भारतीय सुभाष सेना के प्रत्याशी के रूप में किशनलाल ने अपना नामांकन दाखिल कराया। इसके कुछ देर बाद बीसलपुर सीट से बसपा प्रत्याशी के रूप में पूर्व सांसद परशुराम गंगवार की पुत्री दिव्या गंगवार नामांकन कराने पहुंची। उन्होंने मुख्य जोन कोआर्डिनेटर दिनेश कुमार, जिलाध्यक्ष एलपी सागर के अलावा प्रस्तावक प्रदीप गंगवार एवं अनुमोदक रवि गंगवार के साथ बीसलपुर एसडीएम बीपी सिंह के समक्ष नामांकन जमा किया।
पांच प्रत्याशियों ने लिए पर्चे
मंगलवार को दो नामांकन के साथ ही पांच प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भी लिए। इसमें दो दो नामांकन पत्र पूरनपुर व शहर विधानसभा क्षेत्र के लिए खरीदे गए जबकि एक बरखेड़ा क्षेत्र के लिए है। पूरनपुर भाकपा माले की रामकांती एवं निर्दलीय कालीचरन ने पर्चा लिया वहीं शहर सीट से किसान मजदूर संगठन पार्टी के युसुफ मलिक और निर्दलीय के रूप में धनपाल ने पर्चा लिया। बरखेड़ा सीट से निर्दलीय के रूप मेें एक मात्र नामांकन पत्र शिवपाल सिंह ने लिया।
आज होंगे कई प्रमुख नामांकन
बृहस्पतिवार को गणतंत्र दिवस का अवकाश और शुक्रवार को नामांकन का अंतिम दिन होने के कारण अधिकांश नामांकन बुधवार को कई प्रमुख लोगों के नामांकन करने की संभावना है। इसमें शहर से निवर्तमान कैबिनेट मंत्री हाजी रियाज अहमद, बीसलपुर से कांग्रेस सपा के संयुक्त उम्मीदवार एवं पूर्व मंत्री अनीस अहमद उर्फ फूलबाबू, पूरनपुर से बसपा के केके अरविंद, भाजपा के बाबूराम पासवान, शहर से बसपा के अरशद खां सहित कई निर्दलीय नामांकन कराएंगे।