पूरनपुर। गांव अमरैयाकलां के समीप खेतों में तेंदुआ देख एकत्र हुए लोगों ने शोर-शराबा किया। किसी ने इसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सूचना पर पहुंची सामाजिक वानिकी की टीम को तेंदुआ के पंजों के निशान मिले।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार सुबह गांव अमरैयाकलां के पश्चिम निशान सिंह के फार्म हाउस के समीप खेतों में घूम रहे तेंदुआ को देखकर लोगों ने शोर-शराबा किया। किसी ने उसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। शोर-शराबा पर तेंदुआ समीप के गन्ना के खेत में घुस गया। सूचना पर सामाजिक वानिकी की टीम मौके पर पहुंचे। सामाजिक वानिकी के रेंजर सोवरन लाल ने बताया कि मौके पर भेजी गई टीम को तेंदुआ के पंजों के निशान मिले हैं। उसकी निगरानी को टीम लगाई गई है। आसपास के लोगों को तेंदुआ की चहलकदमी की जानकारी देकर सजग रहने की अपील की गई है।