जिला अस्पताल में दवा काउंटर के बाहर लगी मरीजों की लाइनें। संवाद
पीलीभीत। छुट्टी के बाद मंगलवार को जिला अस्पताल खुलते ही मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही ओपीडी के बाहर लंबी कतारें लग गईं और पर्चा काउंटर पर मरीजों को पर्चा बनवाने के लिए इंतजार करना पड़ा। सामान्य दिनों की अपेक्षा इस दिन मरीजों की संख्या कहीं अधिक रही
अस्पताल में दो हजार से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंचे। मरीजों में सबसे अधिक संख्या वायरल बुखार, सर्दी-खांसी और मौसमी संक्रमण से पीड़ित लोगों की रही। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचे। ओपीडी कक्षों के बाहर मरीजों की लाइन लगी रही, वहीं दवा वितरण काउंटर पर भी लंबा इंतजार करना पड़ा। मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण अस्पताल परिसर में दिनभर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बनी रही। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को अतिरिक्त दबाव में काम करना पड़ा। अस्पताल प्रशासन की ओर से व्यवस्थाएं बनाए रखने का प्रयास किया गया। छुट्टी के बाद अचानक मरीजों की संख्या बढ़ने से अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी असर नजर आया। सीएमएस रमाकांत सागर ने बताया कि मंगलवार को मरीजों की संख्या अधिक रही। हालांकि व्यवस्थाओं पर पूरा ध्यान दिया गया।