माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से गांधी स्टेडियम में जिला विद्यालयीय फुटबाल प्रतियोगिता हुई। जिसमें सब जूनियर और सीनियर वर्ग की जनपदीय टीम का चयन किया गया।
शहर के गांधी स्टेडियम में सोमवार को हुई फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ एसएन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य इकबाल हसन खां ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता मेें एसएन इंटर कॉलेज, सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज, पब्लिक इंटर कॉलेज पूरनपुर, चिरौंजीलाल वीरेंद्रपाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, एसबी इंटर कॉलेज फुलहर की टीम ने भाग लिया। प्रतियोगिता का पहले मैच में एसएन इंटर कॉलेज की टीम ने चिलावीपा कॉलेज को 3-0 से, दूसरे मैच में राम इंटर कॉलेज ने पब्लिक इंटर कॉलेज पूरनपुर को 5-4 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मैच में राम इंटर कॉलेज ने एसएन इंटर कॉलेज को 3-1 से पराजित किया। बालिका वर्ग में अवंतीबाई बालिका विद्यालय की टीम ने प्रतिभाग किया। चयनित टीमें बरेली में 25 अगस्त को होने वाली मंडलीय फुटबाल प्रतियोगिता में भाग लेगी। इस मौके पर राजेश शुक्ला, यासीन अहमद, लईक खां, अनीता जोशी, संजय सरकार, आबिद अली आदि मौजूद रहे।