घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स
- फोटो : संवाद
पीलीभीत के मदीना शाह चौराहे पर बुधवार देर रात युवकों के बीच हुए विवाद को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की गई। एक पक्ष ने घर पर धावा बोलने और ईंट-पत्थर फेंकने का आरोप लगाया। सूचना पर दो थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची, जिसके बाद हंगामा करने वाले युवक भाग निकले। स्थिति को देखते हुए मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मदीना शाह में बुधवार देर रात मोहल्ला नखासा निवासी भूरा वाल्मीकि और मोहल्ला खैरुल्लाह शाह निवासी जावेद व मुशाहिद के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। वहां पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और दोनों पक्षों को घर भेज दिया।
बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद भूरा वाल्मीकि अपने 15 से 20 साथियों के साथ जावेद के घर पहुंच गया। आरोप है कि घर के बाहर गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थर फेंके गए। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दूसरे समुदाय के लोग भी एकत्र हो गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने लगा।