पीलीभीत। जिले के परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों को हर महीने चार हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। मिशन वात्सल्य योजना के तहत यह स्पॉन्सरशिप कार्यक्रम शुरू किया गया। इस संबंध में डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने बीएसए को जरूरी निर्देश जारी किए हैं।
जिले के 1499 परिषदीय स्कूलों में करीब 900 दिव्यांग बच्चे पंजीकृत हैं। इन बच्चों को योजना की निर्धारित पात्रता के अनुसार लाभ मिलेगा। डीएम की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि योजना की पात्रता में आने वाले बच्चों के फार्म भरवाए जाएं। योजना शहरी क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए लागू की गई है। ग्रामीण क्षेत्र के स्कूली बच्चों के परिवार की वार्षिक आय 72 हजार रखी गई है। वहीं, शहरी क्षेत्र के स्कूली बच्चों के परिवार की 96 हजार वार्षिक आय का मानक रखा गया है।
डीएम के आदेश पर बीएसए रोशनी सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी करते हुए कहा कि योजना का प्रत्येक दिव्यांग छात्रों को लाभ मिले। बीएसए ने बताया कि उन दिव्यांग बच्चों को इस योजना से लाभ मिलेगा, जिनकी दिव्यांगता 40 प्रतिशत से अधिक है। इस संबंध में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेशित कर दिया गया है। संवाद