पीलीभीत। जिला अस्पताल में संचालित डायलिसिस केंद्र में मरीजों के उपचार के लिए मशीनें और तकनीकी कर्मचारी तो उपलब्ध हैं, लेकिन गुर्दा रोग विशेषज्ञ (नेफ्रोलॉजिस्ट) की तैनाती नहीं है। ऐसे में मरीजों को डायलिसिस कराने से पहले निजी चिकित्सकों से परामर्श लेना पड़ रहा है। सरकारी केंद्र पर सुविधा मिलने के बावजूद उन्हें अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल में 31 दिसंबर 2021 को पीपीपी मॉडल पर डायलिसिस केंद्र की शुरुआत हुई थी। केंद्र में दस मशीनें उपलब्ध हैं, लेकिन वर्तमान में केवल सात मशीनों का ही संचालन हो रहा है। यहां प्रतिमाह करीब 700 से 800 मरीजों की डायलिसिस की जाती है। एक मशीन पर प्रतिदिन तीन मरीजों का उपचार होता है। एक मरीज की डायलिसिस प्रक्रिया में करीब चार घंटे लगते हैं।
केंद्र पर छह टेक्नीशियन, एक इंचार्ज और तीन प्रशिक्षु तैनात हैं। इसके बावजूद विशेषज्ञ चिकित्सक की व्यवस्था नहीं है। नेफ्रोलॉजिस्ट के रूप में डॉ. प्रेम मोहन झा करीब दो महीने तक फोन पर उपलब्ध रहे थे। इसके बाद से विशेषज्ञ चिकित्सक की व्यवस्था नहीं हो सकी। हैरानी की बात यह है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेषज्ञ की तैनाती के लिए अब तक शासन को पत्र भी नहीं भेजा गया है।
डायलिसिस के दौरान मरीज की स्थिति पर नजर रखने, दवाओं और उपचार संबंधी निर्णय लेने के लिए चिकित्सकीय निगरानी जरूरी होती है। इसके बावजूद केंद्र पर डायलिसिस संबंधी प्रोटोकॉल और मरीजों की निगरानी के लिए किसी एमबीबीएस चिकित्सक को भी जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है। इसके अलावा केंद्र पर दवाओं की कमी की बात भी सामने आ रही है। जिला अस्पताल में आए मरीज शिवम ने बताया कि उसको गुर्दे संबंधित दिक्कत महसूस हो रही थी, लेकिन उसका परामर्श सामान्य चिकित्सक से कराया गया। जबकि गुर्दा रोग विशेषज्ञ से मिलने की सलाह दी गई। गंगोत्री ने बताया उसके बेटे का हर सप्ताह डायलिसिस होता है। लेकिन यहां भी सामान्य स्टाफ उसके बेटे को परामर्श देते हैं।
सीएमओ डॉ. बीसी पंत ने बताया कि नेफ्रोलॉजिस्ट की तैनाती के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। फिलहाल मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एमबीबीएस चिकित्सक की निगरानी और आपातकालीन व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
-
-
डायलिसिस में नेफ्रोलॉजिस्ट की अहम भूमिका-
मरीज की बीमारी और स्थिति के अनुसार डायलिसिस की जरूरत और समय निर्धारित करना।
ब्लड प्रेशर, शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट का संतुलन बनाए रखना।
डायलिसिस के दौरान होने वाली जटिलताओं का उपचार करना।
मरीज की दवाओं और आगे के उपचार की निगरानी करना।
डायलिसिस की प्रक्रिया और मरीज की स्वास्थ्य स्थिति का चिकित्सकीय आकलन करना।