- राहगीरों ने घायलों को कार से बाहर निकालकर मुहैया करवाया इलाज
- माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर जंगल क्षेत्र की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर सिद्ध बाबा से दो किलोमीटर पहले जंगल क्षेत्र में ओवरटेक के चलते अनियंत्रित हुई कार खाई में जाकर पलट गई। हादसे में कार सवार चार लोगों में दो घायल हो गए। राहगीरों ने कार सवार लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद इलाज के लिए पास के गांव ले जाया गया। बाद में सभी लोग गंतव्य को रवाना हो गए।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व की माला रेंज में स्थित सिद्ध बाबा स्थल पर इन दिनों मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले के दौरान काफी संख्या में श्रद्धालु अपने वाहनों से वहां पहुंच रहे हैं। भंडारे का भी आयोजन कर रहे हैं। मेले के चलते माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर चार पहिया वाहनों के अलावा काफी संख्या में ट्रैक्टर-ट्राॅलियों भी हैं।
रविवार को देवीपुरा के निकट संतोषपुरा गांव निवासी परिवार सिद्ध बाबा स्थल पर आयोजित भंडारे में शामिल होने के लिए कार से जा रहा था। जंगल में पहुंचते ही एक वाहन को ओवरटेक करते समय कार अनियंत्रित होकर खाई में जाकर पलट गई। ऐसे में मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने शीशे खोलकर अंदर बैठे लोगों को बाहर निकाला। कार में सवार एक महिला और तीन पुरुष शामिल थे। जिसमें हरेंद्र और एक अन्य घायल हो गया। राहगीरों ने घायलों को उपचार मुहैया कराया, बाद में सभी अपने गंतव्य को रवाना हो गए।