नवरात्र के दूसरे दिन यशवतंरी देवी मंदिर में पूजा अर्चना करते श्रद्धालु । संवाद
पीलीभीत। शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को देवी मंदिरों में मां ब्रह्मचारिणी के स्वरूप की पूजा की गई। माता के दरबार में पहुंचे श्रद्धालुओं के चेहरे पर चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है... का भाव था। भक्त हाथों में नारियल और चुनरी चढ़ाने के लिए सुबह और शाम को मंदिरों में पहुंचे।
यशवंतरी देवी मंदिर सहित सभी मां दुर्गा के मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगना शुरू हो गई थी। यशवंतरी देवी मंदिर में सुबह से मातारानी को प्रसाद अर्पण करने के लिए कतार लगी रहीं। यशवंतरी देवी मंदिर में सुबह से शाम तक भजन-कीर्तन चलते रहे। इसी क्रम में निरंजनकुंज कॉलोनी स्थित महामातेश्वरी मंदिर, गोदावरी स्टेट स्थित मां दुर्गा मंदिर, चौक बाजार स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में भी पूजा-अर्चना के लिए भक्त पहुंचे।
उधर, खकरा मोहल्ले में देवी मंदिर पर सजे पंडाल में विधि विधान से सुबह मां दुर्गा की आरती की गई। उसके बाद दुर्गा चालीसा पाठ हुआ। शाम को माता की आरती उतारी गई। इसके अलावा लोहा बाजार स्थित मां गंगा मंदिर पर ज्वाला देवी ज्योति जागरण हुआ। अर्द्धरात्रि में जागरण के समापन के बाद मां दुर्गा की आरती की गई। इसके पश्चात प्रसाद वितरण किया गया।
लाल वस्त्र धारण कर करें मां चंद्रघंटा की पूजा
नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को मां चंद्रघंटा की पूजा की जाएगी। उनको लाल वस्त्र पहनकर दूध एवं केले का भोग लगाना शुभ माना जाता है।
नवरात्र के दूसरे दिन यशवतंरी देवी मंदिर में पूजा अर्चना करते श्रद्धालु । संवाद