जिले में परिषदीय विद्यालयों में भर्ती हुए प्रशिक्षु शिक्षकों को एक जून से सभी ब्लाक संसाधन केंद्रों व डायट पर सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बताते हैं कि बजट न आने के कारण प्रशिक्षण स्थल पर मानक के अनुरूप सुविधाएं नहीं दी जा सकी। इधर शुक्रवार को ब्लाक संसाधन केंद्र पर प्रशिक्षण के दौरान बागपत निवासी शिक्षिका आशा भारती व बरेली निवासी दिव्या अचानक बेहोश हो गई। शिक्षिकाओं के बेहोश होने की जानकारी पर प्रशिक्षु शिक्षकों में हड़कंप मच गया और प्रशिक्षण कार्यक्रम रोक दिया गया। खंड शिक्षा अधिकारी शिवेंद्र वर्मा ने शिक्षिकाओं को सीएचसी में भर्ती करा दिया। इधर प्रशिक्षण केंद्र में उचित व्यवस्था न होने का आरोप लगाते हुए आक्रोशित प्रशिक्षु शिक्षकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया और बेसिक शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी शिक्षकों ने खंड शिक्षा अधिकारी समेत सभी छह प्रशिक्षकों को बीआरसी भवन के दरवाजे बंद कर बंधक बना लिया। गुस्साए शिक्षकों ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उत्पात मचाते हुए इनवर्टर सप्लाई तार काट दिए और वॉटर कूलर भी गिरा दिया।
सूचना के दो घंटे बाद पहुंची पुलिस
हंगामा होता देख बीईओ ने मामले की जानकारी सेलफोन के जरिए कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बंधक बनाए गए बीईओ और प्रशिक्षकों को दरवाजा खोलकर बंधन मुक्त कराया।
प्रशिक्षु शिक्षकों के बेहोश होने की जानकारी नहीं है। कुछ शिक्षक जलपान आदि देने को लेकर बेवजह हंगामा कर रहे हैं। प्रशिक्षण को लेकर शासन स्तर से कोई बजट का प्रावधान नहीं है।
अंबरीष कुमार यादव, बीएसए