डास्फी के जिलाध्यक्ष अनिल सागर के नेतृत्व में तमाम कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने डीआईओएस रामपाल सिंह का घेराव किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिले में विद्यार्थियों से प्रयोगात्मक परीक्षाओं के नाम पर वसूली की जा रही है। मामले की जानकारी होेने के बाद भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। महासचिव आशुतोष कुमार ने डीआईओएस से पूर्व में दिए गए ज्ञापन को बिना जांच किए गायब करने का आरोप लगाया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक भी हुई। कार्यकर्ताओं ने अवैध वसूली न रुकने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
घेराव करने वालों में जिला सचिव राहुल देव, नगराध्यक्ष विशाल सागर, नन्हे शर्मा, कौशल राना, अमित वर्मा, मोहम्मद फहीम, सुरेंद्र भारती, पंकज सागर, मनोज सागर, जितेंद्र भारती, गुलाब सिंह आदि शामिल रहे।