बीसलपुर के गांव खरगापुर में ठेकेदार के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण ।
बीसलपुर। गांव खरगापुर में ग्रामीणों ने एक वर्ष से सड़क का निर्माण अधूरा होने के विरोध में बृहस्पतिवार को ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बाद में ग्राम प्रधान के नेतृत्व में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
खरगापुर के ग्रामीण बृहस्पतिवार को गुलेंदा बौनी रोड पर जमा हुए। इसके बाद प्रधानमंत्री सड़क निर्माण योजना के तहत गांव में एक साल से बन रही सड़क का निर्माण अब तक पूरा न होने पर ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि ठेकेदार ने गुलेंदा बौनी रोड पर पत्थर डालकर काम बंद कर दिया है। इससे एक साल से गांव वाले आवागमन में दिक्कतें झेल रहे हैं।
आधा घंटे तक प्रदर्शन करने के बाद ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान सुनीता देवी के नेतृत्व में तहसील कार्यालय आकर एसडीएम सचिन राजपूत को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में जितेंद्र कुमार, देवेश कुमार,धर्मेंद्र कुमार, प्रेमसागर, हरिचरण, उमेश चंद्र, अनूप कुमार, महेश चंद्र, विकास कुमार, सचिन कुमार आदि ग्रामीण शामिल थे।