प्रेरक एकता कल्याण समिति के तत्वावधान में ललौरीखेड़ा ब्लाक के प्रेरकों ने विभिन्न मांगों को लेकर धरना दिया। प्रेरकों ने बीएसए को संबोधित ज्ञापन खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
समिति की ब्लाक अध्यक्ष हेमावती के नेतृत्व में शुक्रवार को तमाम प्रेरकों ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना दिया। धरनास्थल पर हुई सभा में कहा गया कि प्रेरकों की समस्याओं को लेकर विभाग पूरी तरह मौन है। प्रेरकों को न तो मानदेय दिया जा रहा है और न ही शिक्षण सामग्री। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान प्रेरकों ने बीएसए को संबोधित ज्ञापन खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में बकाया मानदेय दो दिन के भीतर खातों में भेजने, अन्य ब्लाकों की भांति एक मुश्त बकाया मानदेय देने, प्रशिक्षण प्रमाणपत्र देने व नवीनीकरण प्रक्रिया में ग्राम प्रधानों का हस्तक्षेप समाप्त कराने की मांग की गई। धरना देने वालों में जिला उपाध्यक्ष पिंकीरानी, प्रदीप कुमार, राममूर्ति, रामश्री, राजकुमार, धर्मेंद्र कुमार शर्मा, राजकुमार, द्रोपदीदेवी, लक्ष्मीदेवी, कमलेश, गीता देवी, प्रहलाद, मंजूलता, डोरीलाल, कृष्ण कुमार आदि शामिल रहे।