अब तक सुविधा न होने से परेशानी, विधायक ने केंद्रीय स्तर पर की पैरवी
पीलीभीत। पीलीभीत-शाहजहांपुर रेल खंड पर लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन की मांग फिर तेज हो गई है। क्षेत्रीय विधायक विवेक वर्मा ने भी केंद्रीय स्तर पर पैरवी शुरू की है। इससे लोगों में उम्मीदें जगी हैं।
मीटरगेज के बाद ब्रॉडगेज की सौगात मिलने के बाद लोगों में बेहतर ट्रेन संचालन को लेकर उम्मीदें जगीं, लेकिन लंबी दूरी की ट्रेनें न मिलने से यहां के यात्रियों को इसका लाभ नहीं मिल सका है। इसको लेकर लंबे समय से पत्राचार किया जा रहा है। लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन न होने से बीसलपुर तहसील क्षेत्र से जाने वाले यात्रियों को पीलीभीत, बरेली आदि जगहों पर पहुंचकर यहां से यात्रा करनी पड़ रही है। इससे लोगों को खासी परेशानी होती है। सबसे अधिक दिक्कत तब होती है। जब यहां के यात्री लंबी दूरी की यात्रा करने के बाद बरेली-पीलीभीत पहुंचते है, तो इन्हें बीसलपुर पहुंचने के लिए काफी परेशानी होती है। रात के समय लोग वाहनों की बुकिंग कर यहां पर पहुंचते हैं। ऐसे में क्षेत्रीय लोग लगातार लंबी दूरी की ट्रेनों की संचालन की मांग कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि शाहजहांपुर रेलखंड से लाइन जुड़ने के बाद उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। अब क्षेत्रीय विधायक ने भी इसको लेकर केंद्रीय स्तर पर पैरवी शुरू कर दी है। इससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। संवाद