पीलीभीत। त्रि–स्तरीय पंचायत की मतदाता सूची में शामिल डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन कार्य में हीलाहवाली जिले के तीन बीडीओ को महंगी पड़ी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीसलपुर, बिलसंडा और बरखेड़ा बीडीओ को नोटिस जारी किया है। दो दिन में स्पष्टीकरण न देने या फिर संतोषजनक जवाब न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। अन्य चार बीडीओ को सत्यापन प्रगति में सुधार लाने की हिदायत दी है। 31 जनवरी तक कार्य पूरा करने को कहा गया है।
जिले की त्रि-स्तरीय पंचायत की मतदाता सूची में 5,19,161 मतदाताओं के नाम दो या इससे अधिक बार शामिल हैं। इस डुप्लीकेट सूची में मतदाताओं के मिलते-जुलते नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं। सात जनवरी से डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन का कार्य चल रहा है। इसे 24 जनवरी तक पूरा किया जाना था, लेकिन सत्यापन अभी 25 फीसद भी नहीं हो सका। अब तक सिर्फ 1,17,463 मतदाताओं का सत्यापन ही हो सका है। इसमें बीसलपुर, बरखेड़ा और बिलसंडा ब्लॉक में स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। बीसलपुर और बरखेड़ा ब्लॉक क्षेत्र में अभी पांच-पांच हजार मतदाताओं का सत्यापन भी नहीं हो सका है। इन तीनों ब्लाकों में डुप्लीकेट मतदाताओं की संख्या 50 हजार से अधिक है। संवाद