फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

995 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज

Thu, 08 Oct 2015 10:50 PM IST
पीलीभीत।
विज्ञापन
विज्ञापन
पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के लिए नौ अक्तूबर को मतदान होना है। इसमें बरखेड़ा और मरौरी ब्लाक में होने वाले जिला पंचायत की नौ और बीडीसी के 188 पदों के लिए चुनाव होगा। शुक्रवार को मंडी समिति और बरखेड़ा से पोलिंग पार्टियां रवाना हो गईं। दोनों स्थानों पर 381 बूथों पर चुनाव होना है।
विज्ञापन

मरौरी और बरखेड़ा ब्लाक में जिला पंचायत के नौ और बीडीसी के क्रमश: मरौरी में 105 व बरखेड़ा ब्लाक में 89 पदों के लिए चुनाव होना है। इसमें बीडीसी के छह प्रत्याशियों का निर्विरोध बनना तय है। शेष पदों पर जिला पंचायत के लिए 142 और बीडीसी के लिए मरौरी और बरखेड़ा से क्रमश: 434 व 419 कुल मिलाकर 995 प्रत्याशी मैदान में है। दोनों ब्लाकों में पोलिंग के लिए क्रमश: 202 व 179 बूथ बनाए गए हैं।
गुरुवार को मरौरी ब्लाक के 202 बूथों के लिए मंडी समिति से पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। इसी प्रकार बरखेड़ा ब्लाक के 179 बूथों के लिए बरखेड़ा स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। सुबह छह बजे से ही मतदान कर्मी मंडी पहुंचने शुरू हो गए थे। प्रशासन से प्राप्त चुनाव ड्यूटी के अनुसार अपनी पोलिंग पार्टी के सदस्यों के मिलने पर पीठासीन अधिकारी ने अपने सेक्टर की टेबिलों पर पहुंचकर चुनाव सामग्री व मतपेटी आदि प्राप्त की। दोपहर दो बजे के बाद तक पोलिंग पार्टियों के रवाना होने का क्रम चलता रहा। उपजिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम अजयकांत सैनी ने भी बरखेड़ा और मंडी पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विज्ञापन

अंत तक कटती रहीं ड्यूटियां
चुनाव के लिए प्रशासन ने दोनों ब्लाकों में बूथों के अनुसार मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाने के साथ ही कुछ पोलिंग पार्टियों को रिजर्व में भी रखा था। गुरुवार कई मतदान कर्मियों के न आने, बीमार पड़ जाने के कारण ड्यूट्यिां काटी गई तो कई मतदान कर्मी विभिन्न बहाने बनाकर अपनी ड्यूटी कटवाई। किसी ने बच्चा छोटा होने तो किसी ने पति पत्नी दोनों की ड्यूटी लगी की दुहाई देकर एक की ड्यूटी कटवाने का प्रयास किया।
चुनाव प्रेक्षक ने किया निरीक्षण
पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान मंडी में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेने चुनाव प्रेक्षक प्रमोद कुमार उपाध्याय भी लाव लश्कर के साथ पहुंचे। उन्होंने टीन में लगी टेबल का निरीक्षण कर कार्य में लगे अधिकारियों से जानकारी ली। इससे पूर्व उन्होंने बरखेड़ा की व्यवस्थाएं भी देखीं।
वाहन ढूंढने में परेशान रहे मतदान कर्मी
चुनाव सामग्री लेने के साथ ही मतदान कर्मियों को बूथ तक जाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई थी। इस बार सभी पार्टियों को बसों से भेजा गया है। लेकिन कई मतदान कर्मियों को बताए गए वाहनों को ढूंढने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
निजी वाहनों से गए मतदान कर्मी
यूं तो प्रशासन ने पोलिंग पार्टियों को बूथ तक लाने ले जाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की थी लेकिन हाई क्लास हो चुके कई अध्यापक अपनी लग्जरी गाड़ियों से मंडी पहुंचे और चुनाव सामग्री लेने के बाद अपनी पोलिंग पार्टी को साथ लेकर अपने निजी वाहन से बूथों पर रवाना हुए। चंद अध्यापकों की यह पहल आने वाले समय में आयोग को काफी राहत दे सकती है।
और बीमार हो गई महिला मतदान कर्मी
पीलीभीत। चुनाव के लिए गांव बेहरी के प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र सुषमा देवी को मतदान अधिकारी तृतीय बनाया गया था। बृहस्पतिवार को वह चुनाव कराने के सामग्री लेकर मंडी समिति पहुंची। यहां वह अपनी पार्टी के सदस्यों के मिलने के बाद चुनाव सामग्री प्राप्त कर रही थीं। इस दौरान उनकी तबियत बिगड़ गई और उन्हें उल्टियां आने लगी। कुछ देर बाद वह वहीं लेट गई। इस पर साथियों ने इसकी सूचना कार्मिक प्रभारी को देकर उनकी ड्यूटी कटवा दी। प्राथमिक उपचार देकर उन्हें घर भेज दिया गया।
सुबह सात बजे से पांच बजे तक होगा मतदान
पीलीभीत। पंचायत चुनाव में मतदान प्रक्रिया शुक्रवार सुबह सात बजे से प्रारंभ होगी। इसके लिए सभी मतदान कर्मियों को एक घंटा पहले ही व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम अजयकांत सैनी ने बताया कि सभी बूथों पर प्रत्याशियों के पोलिंग एजेंट सात बजे से पहुंच जाएंगे। उनके सामने मतपेटी को सील किया जाएगा। मतपेटी को सील करते समय और मतपत्रों को खोलने की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर रोजगार सेवक को कैमरे के साथ तैनात किया गया। उन्होंने बताया शाम को पांच बजे तक जो मतदाता बूथ पर लाइन में पहुंच जाएगा उसे ही मतदान करने दिए जाएगा। पांच बजे के बाद पहुंचने वाले को मतदान करने का अवसर नहीं मिलेगा।
मरौरी और बरखेड़ा क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश
पीलीभीत। चार चरणों में हो रहे पंचायत चुनाव के लिए राज्य चुनाव आयोग ने प्रत्येक चरण से संबंधित क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। इसके तहत शुक्रवार को मरौरी और बरखेड़ा क्षेत्रों में सार्वजनिक  अवकाश रहेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम मासूम अली सरवर ने इसकी आदेश जारी कर दिया है।
मतदान केंद्रों पर ड्यूटी करने वालों मिलेगा मनपसंद खाना
पीलीभीत। मतदान केंद्रों पर ड्यूटी करने वाले कार्मिकों को उनकी पसंद का खाना मिल सकेगा, लेकिन भोजन पर खर्च का उन्हें ही भुगतान करना होगा। प्रशासन की ओर से उन्हें मात्र रसोइया उपलब्ध कराई जाएगी।
जिले में नौ अक्तूबर को मरौरी व बरखेड़ा ब्लाक के 381 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होनी है। इनमें अधिकतर मतदान केंद्र परिषदीय विद्यालयों में ही बनाए गए हैं। इस बार इन मतदान केंद्रों पर ड्यूटी करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को पसंदीदा भोजन बनवाने के लिए रसोइयों की भी ड्यूटी लगाई गई है। कर्मचारी अपना मनपसंद खाना बनवा सकेंगे, लेकिन इसके लिए उन्हें खुद ही सामान उपलब्ध कराना होगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मतदान के दिन सभी रसोइयों को संबंधित विद्यालयों में ही रहने के निर्देश दिए हैं। बीएसए अंबरीष कुमार यादव ने बताया कि मतदान केंद्रों पर भोजन व्यवस्था को लेकर रसोइयों को विद्यालय में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें