जहर देकर हत्या का आरोप, पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी
बिलसंडा। गांव भैनपुरा निवासी विवाहिता माधुरी (20) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुरालियों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना बीसलपुर के गांव गुलैंदा गौटिया निवासी जयराखन ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी माधुरी का विवाह एक वर्ष पूर्व थाना बिलसंडा के गांव भैनपुरा निवासी हिमांशु के साथ किया था। उसके बाद से बेटी के ससुरालीजन दहेज से संतुष्ट नहीं थे। पुत्री को दहेज के लिए आए दिन प्रताड़ित करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि रविवार की शाम पति हिमांशु, राजेंद्र, अभिषेक, रूपवती, अनुराधा और कंचन ने बेटी को खाने में जहर देकर मार दिया। देर रात सूचना मिलने पर वह परिजन के साथ बीसलपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने बेटी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। संवाद
-
मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई पूरी की जाएगी। - सिद्धांत शर्मा, थाना प्रभारी, बिलसंडा