फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: निजी स्कूल के शिक्षक की निर्मम हत्या, तेजाब से चेहरा जलाया, फिर खेत में फेंका शव

Thu, 28 May 2026 04:53 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत

सार

पीलीभीत के जहानाबाद इलाके में निजी स्कूल के शिक्षक का शव बृहस्पतिवार सुबह खेत में पड़ा मिला। वह तीन दिन से लापता थे। बेरहमी से उनकी हत्या की गई है। पुलिस जांच में जुटी है। 
विज्ञापन
महेंद्रपाल का फाइल फोटो - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पीलीभीत के जहानाबाद इलाके में तीन दिन से लापता निजी शिक्षक महेंद्र पाल की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार दोपहर जहानाबाद कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रिछा मार्ग से करीब 150 मीटर दूर खेत में शव बरामद हुआ है। उनके चेहरा तेजाब से जला हुआ मिला है। शरीर पर चाकू और अन्य धारदार हथियार के निशान थे। गला भी कटा मिला। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, बरेली की महिला से प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।

विज्ञापन




चाचा लाला राम ने बताया कि ग्राम निजाम डांडी निवासी भतीजा महेंद्रपाल (40) गांव सेमल खेड़ा में प्राईवेट स्कूल में अध्यापक था। इसके अलावा वह कृषि से भी जुड़ा था। बीते सोमवार, 25 मई की दोपहर करीब दो बजे अपने घर से पीलीभीत धान का बीज लेने जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक महेंद्रपाल घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। इस पर थाना जहानाबाद पहुंचकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब दो बजे हैदरगंज निवासी एक ग्रामीण के खेत में महेंद्र का खून से लथपथ शव पड़ा होने की सूचना मिली। परिजनों ने कपड़ों और हुलिए को देखकर शव की शिनाख्त महेंद्रपाल के रूप में की।
विज्ञापन


हत्यारों ने की क्रूरता की सारी हदें पार
ग्रामीणों के अनुसार, घटनास्थल का नजारा बेहद खौफनाक था। हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए महेंद्र पाल के शरीर को चाकू से गोदने के साथ कई जगह काटा। कई निशान छोड़े थे। तेजाब डालकर चेहरे को बुरी तरह से जलाया था। इससे माना जा रहा है कि इतनी क्रूरता पहचान छुपाने या रंजिशन की गई। सिर पर धारदार हथियार व पेट के पीछे दाईं साइड में वार के कई निशान हैं। कट का निशान हाथ पर है। माना यह भी जा रहा है कि लापता होने वाले दिन या अगले दिन हत्यारों ने हत्या की होगी।

महेंद्र की दोनों पत्नियों की हो चुकी है मौत
चाचा लाला राम ने बताया कि महेंद्रपाल के माता-पिता का स्वर्गवास हो चुका है। महेंद्रपाल ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी सरला देवी की मृत्यु हो गई, उसकी दो बेटियां प्रभा (16) व सुधा (14) और एक बेटा राम (8) है, जबकि एक बेटे लखन की मृत्यु हो चुकी है। दूसरी पत्नी रिंकी की भी मृत्यु हो चुकी है। उससे कोई बच्चे नहीं थे, लेकिन पहली पत्नी के दोनों बेटे राम और लखन जुड़वा थे।

बरेली की महिला से प्रेम प्रसंग की चर्चा
परिजनों ने बताया कि बेटे लखन का इलाज कराने के लिए महेंद्र पाल कुछ समय पहले ऋषिकेश, उत्तराखंड गया था। वहां पर बरेली की एक महिला भी अपनी मां का इलाज कराने के लिए पहुंची हुई थी। उससे उसकी जान पहचान हो गई थी। यहां तक चर्चा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया, जिसको लेकर महिला ने गांव में आकर कई बार हंगामा किया। इससे महेंद्रपाल काफी परेशान भी रहता था।
विज्ञापन

जहानाबाद में हुई युवक की हत्या के पीछे के मोटिव को जानने और घटनाक्रम का खुलासा करने के लिए तीन टीमें गठित की हैं, सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। परिजनों ने बुधवार को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। - सुकीर्ति माधव मिश्रा, एसपी पीलीभीत
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें