पूरनपुर। एक दिन पहले घर से निकले लखीमपुर के थाना संपूर्णानगर के गांव सेमरी निवासी 23 वर्षीय रंजीत सिंह का शव हजारा थाना क्षेत्र में गांव बाजार घाट के समीप खेत में मंगलवार को मिला। शव के पास इंजेक्शन की खाली सिरिंज भी पड़ी थी। पुलिस ने मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
मंगलवार को गांव बाजार घाट के समीप खेत में युवक का शव पड़े होने की सूचना पर पुलिस पहुंची। पता चलते ही स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए। काफी प्रयास के बाद भी मृतक की शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव को मोर्चरी में भिजवा दिया। हजारा एसओ शरद यादव ने बताया कि रंजीत के परिजन ने थाने पहुंचकर शव की पहचान की। परिजनों के अनुसार कि रंजीत सोमवार को घर से निकला था। एसओ ने बताया कि इन दिनों रंजीत गांव कमलापुरी में रहता था। संवाद
-