पूरनपुर। मजदूरी करने हरियाणा जाने के लिए घर से निकले बहराइच के थाना सुजौती के कारीकोट थारूपुरवा निवासी 40 वर्षीय गंगाराम का शव सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र में असम हाईवे किनारे एक ढाबे के पास पड़ा मिला। पास में ही उनका बैग पड़ा था। भाई चंदाराम ने पुलिस को तहरीर देकर बस चालक और परिचालक पर गंगाराम की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंकने का आरोप लगाया है।
चंदाराम ने बताया कि 27 जुलाई को शाम पांच बजे गंगाराम मजदूरी करने हरियाणा जाने के लिए घर से निकले थे। लखीमपुर खीरी के टिकरवा चौराहा से वह बस में सवार हुए थे। 27 जुलाई को रात 11:30 बजे सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने मोबाइल पर उन्हें गंगाराम का शव असम हाईवे किनारे एक ढाबा के पास पड़े होने की सूचना दी।
पुलिस ने शव सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चंदाराम ने बस चालक और परिचालक पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। इधर, सेहरामऊ उत्तरी एसओ कांत कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसी वाहन की टक्कर से गंगाराम की मौत होना लग रहा है। ढाबा संचालक अरविंद गुप्ता की ओर से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।