शाहजहांपुर से विभाजित होकर जिले में शामिल हुए 94 गांव के वाशिंदों की मुश्किल अभी कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। इन गांव के शस्त्रधारकों को अपने लाइसेंस का डाटा अब शाहजहांपुर जनपद से ही 31 मार्च तक ऑनलाइन कराना होगा।वर्ष 2000 में शाहजहांपुर जनपद के 94 गांव को पीलीभीत जिले में शामिल किया गया था। जिला बदलने के बाद भी इन गांव की व्यवस्थाएं शाहजहांपुर जनपद से ही संचालित होती रहीं। यहां तक की थाना सेहरामऊ उत्तरी भी 2008 में स्थानांतरित हो सका लेकिन शाहजहांपुर से पीलीभीत जनपद में शामिल हुए इन 94 गांव के शस्त्रधारकों की पत्रावली अब भी स्थानांतरित नहीं हो सकी। पिछले दिनों के इसके प्रयास शुरू हुए जिसके बाद शाहजहांपुर डीएम की ओर से शस्त्र विभाग का स्टाफ 142 शस्त्रधारकों की पत्रावली एवं सूची लेकर पीलीभीत पहुंचे। इन पत्रावलियों के अध्ययन के बाद दोनों जिलों के डीएम ने वार्ता कर यह निर्णय लिया किया इन शस्त्र धारकों का डाटा फिलहाल शाहजहांपुर जनपद से ही ऑनलाइन किया जाएगा। इसका निर्णय होने पर एडीएम अजयकांत सैनी ने आदेश जारी किया है जिसके तहत 94 गांव से प्राप्त सूची में दर्ज सभी 142 शस्त्र धारक संबंधित थाने व पूरनपुर एसडीएम से रिपोर्ट लगवाने के बाद अपनी आवेदन शाहजहांपुर के शस्त्र कार्यालय में जमा कर डाटा ऑनलाइन करा लें। चूंकि शासन ने डाटा ऑनलाइन की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित कर रखी है। ऐसे में इन शस्त्र धारकों को तीन दिन में ही सारी प्रक्रिया पूरी करानी होगी।
94 गांव के शस्त्रधारकों का डाटा फिलहाल शाहजहांपुर जनपद से ही ऑनलाइन किया जाना है। डीएम के निर्देश पर इसका आदेश कर दिया गया है।
- अजयकांत सैनी, एडीएम