पीलीभीत। फिट इंडिया अभियान के तहत रविवार को मेरा युवा भारत (माय भारत), पीलीभीत की ओर से संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गांधी स्टेडियम से निकाली गई साइकिल रैली को मुख्य अतिथि मरौरी ब्लॉक प्रशासक सभ्यता देवी वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में युवाओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
साइकिल रैली गांधी स्टेडियम से शुरू होकर छतरी चौराहा, गौहनिया चौराहा होते हुए वापस गांधी स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान युवाओं ने नियमित साइकिल चलाने और शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक विजय कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं राज्य प्रशिक्षक एके सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे। जिला युवा अधिकारी शिवम शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में शारीरिक स्वास्थ्य, फिटनेस और साइकिलिंग के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। साथ ही स्वस्थ भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।