बराही के जंगल से सटे एक फार्म हाउस पर दो चीतलों की करंट लगने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों ने चीतलों के शव बरामद कर लिए। किसान जोगेंद्र सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। टाइगर रिजर्व की बराही रेंज के जंगल से करीब 400 मीटर की दूरी पर बराही निवासी किसान जोगेंद्र सिंह चीनिया ने दस एकड़ जमीन ठेके पर ले रखी है। इसमें इन दिनों गेहूं की फसल खड़ी है। जंगल से सटे इलाकों में वन्यजीव अकसर जंगल से निकलकर कृषि फसलों का नुकसान करते है। बताते हैं कि वन्य जीवों से फसल बचाने के लिए जोगेंद्र सिंह ने भी अपने खेत में तार डालकर उसमें करंट छोड़ रखा था। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे के आसपास जंगल से निकलकर आई दो चीतल उक्त तार के आसपास मंडराने लगी। कुछ ही देर में तार के संपर्क में आने पर दोनों चीतलों की करंट से मौत हो गई। शुक्रवार को रेंजर अनिल शाह हाईकोर्ट गए थे, इसलिए उक्त मामले में कोई लिखापढ़ी नहीं की गई। इधर रेंजर के शनिवार को वापस लौटने पर घटनास्थल की जांच करने के बाद आरोपी किसान के खिलाफ विभागीय केस दर्ज किया गया है। यह भी बताते हैं कि इस मामले में आरोपी किसान से जुर्माना जमा कराने के प्रयास चल रहे थे। पूरे दिन रेंज कार्यालय में जुर्माना जमा करने को लेकर दौड़ भाग जारी रही, ताकि जेल जाने से छुटकारा मिल सके।