जंगल सफारी से लेकर मोटर बोट की सैर तक कर सकेंगे सैलानी
पर्यटन सत्र के दौरान सैलानी जंगल सफारी से लेकर शारदा डैम में मोटरमोट से सैर कर सकेंगे। करीब 100 जंगल सफारी वाहन लगाए गए हैं। मुस्तफाबाद, महोफ एक नंबर गेट के अलावा बराही के नए गेट से सैलानियों को जंगल सफारी वाहन उपलब्ध हो सकेंगे। अफसरों के अनुसार शनिवार को माधोटांडा मार्ग स्थित एक होटल में होने वाली बाघ फाउंडेशन की बैठक में जंगल सफारी वाहनों के नए किराये को लेकर निर्णय होगा। इसके अलावा चूका बीच में मोटर बोट की सुविधा भी उपलब्ध है।
यह रहेगा हटों का किराया
थारू हट का किराया एक भारतीय सैलानी के लिए एक रात का 5000, दो के लिए 5500 और तीन के लिए 6500 रुपये है। इसी प्रकार एक विदेशी मेहमान के लिए किराया 14000, दो के लिए 16000 और तीन के लिए 18000 रुपये तय किया गया है। ट्री हट के लिए एक भारतीय सैलानी के लिए 8000, दो के लिए 9000 और तीन के लिए 10000 निर्धारित किया है। इसी तरह से एक विदेशी सैलानी के लिए क्रमश: 18000, 20000 और 22000 रुपये है।
आज जंगल सफारी वाहन से फ्री सैर कर सकेंगे सैलानी
पर्यटन सत्र के पहले दिन सैलानियों को निशुल्क जंगल भ्रमण कराने का निर्णय लिया गया है। डीएफओ मनीष सिंह के अनुसार जंगल घूमने के इच्छुक सैलानियों को प्रवेश द्वार से जंगल सफारी वाहन से निशुल्क जंगल भ्रमण करने की शनिवार को छूट रहेगी। निजी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
आज बराही गेट पर नए सत्र का होगा शुभारंभ
बराही रेंज के बराही गेस्टहाउस पर नए पर्यटन द्वार से सत्र का शुभारंभ होगा। वन राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना सत्र का शुभारंभ करेंगे। उनके अलावा प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख, गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा व बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्ता नंद भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा समिति के लोग भी नए सत्र में आने वाले अतिथियों का अपने उत्पादन से बनी सामग्री भेंट कर स्वागत करेंगे।
सप्तसरोवर भी सैलानियों के स्वागत को तैयार
बराही रेंज में ब्रिटिश काल के दौरान बना सप्तसरोवर भी सैलानियों के स्वागत को तैयार है। पिछले साल पीटीआर की ओर से सप्तसरोवर पर पर्यटन सुविधा का विस्तार किया था। छह खूबसूरत हटें बनाई गई थीं। इनमें दो टेंट हट भी शामिल हैं। सैलानी ऑफलाइन बुकिंग कराकर सप्तसरोवर की हटों में ठहर सकते हैं। माना जा रहा है कि बराही रेंज के नए गेट खुलने से सप्तसरोवर पर इस पर सैलानियों की आमद अधिक होगी।
पीटीआर के डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि नए पर्यटन सत्र का आज आगाज होगा। बराही गेट पर वन मंत्री नए सत्र का शुभारंभ करेंगे। सैलानियों की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर तैयारियां पूरी की हैं। इसको लेकर स्टाफ को जरूरी निर्देश दिए हैं।