बीसलपुर। गांव परसिया में रेलवे लाइन के किनारे स्थित गहरी खाई में मगरमच्छ आ जाने से ग्रामीणों में दहशत है। वहीं वन विभाग भी उसे पकड़ने को लेकर परेशान है।
प्रधान विद्यास्वरूप गंगवार ने बताया कि उनके गांव के पूरब में स्थित रेलवे लाइन के किनारे गहरी खाई में ग्रामीण रोजाना पशुओं को पानी पिलाने जाते हैं। सोमवार सुबह कुछ ग्रामीण उसी खाई में अपने पशुओं को पानी पिलाने गए तो खाई के बाहरी किनारे पर मगरमच्छ बैठा दिखाई दिया। तभी वे उल्टे पांव वापस आ गए और गांव वालों को जानकारी दी। थोड़ी देर बाद वहां मौके पर भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर जब तक वन विभाग की टीम भी आ गई। तब तक मगरमच्छ खाई में अंदर चला गया।
मगरमच्छ के कारण ग्रामीणेां ने खाई में अपने पशुओं को पानी पिलाना बंद कर दिया है। रेंजर वजीर हसन ने बताया कि मगरमच्छ जब खाई के बाहर निकलेगा, तभी उसे पकड़वाकर नदी में छुड़वाया जाएगा। खाई गहरी होने के कारण उसमें मगरमच्छ की तलाश कराया जाना संभव नहीं है।