माधोटांडा। खेतों व आबादी के निकट मगरमच्छ की मौजूदगी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। रविवार को माधोटांडा निवासी रामेश्वर सिंह कस्बे के निकट स्थित अपने खेत पर पानी लगाने के लिए पहुंचे। अचानक खेत में मौजूद मगरमच्छ पर नजर पड़ी तो पसीने छूट गए। शोर-शराबा करने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर जमा हो गए। वहीं सूचना के बाद पहुंची वनकर्मियों की टीम ने ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को कब्जे में ले लिया। वन दरोगा अजमेर सिंह ने बताया कि मगरमच्छ की लंबाई करीब पांच फुट थी। रेस्क्यू कर मगरमच्छ को सुरक्षित नदी में छोड़ दिया गया। ब्यूरो