दस दिन पहले ससुरालियों की मारपीट में घायल हुए युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव अपने ही कमरे में पड़ा मिला। परिवारीजनों से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्र के ग्राम पंडरी निवासी बुद्धसेन (30) पुत्र सीताराम मजदूरी करते थे। मंगलवार देर शाम खाना खाकर वह अपने कमरे में सोने चला गया। दूसरे दिन बुधवार सुबह काफी समय होने के बाद भी युवक के बाहर न आने पर परिवार वाले उसको जगाने के लिए कमरे में पहुंचे। जहां उसका शव अपने ही कमरे में पड़ा हुआ था। शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं था। इसकी सूचना परिवारीजनों से मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी करने पर परिवार वालों ने बताया कि 28 मई को मृतक का अपने ससुरालियों से विवाद हुआ था। जिसमें ससुरालियों ने उससे मारपीट की थी। इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। इसके बाद से उसकी पत्नी सीमा देवी अपने मायके रह रही है। मारपीट के दौरान आई चोटों से मौत हुई या अन्य कारणों से। इसको लेकर परिवारीजन असमंजस में दिखे। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएचओ जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि पिता सीताराम की मांग पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी किसी तरह का आरोप या कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।