नोट बंदी के बाद पहली बार जिले में अग्रणी बैंक को आठ करोड़ रुपया प्राप्त हुआ। इसकी सभी 30 शाखाओं में रुपये बांटे गए। अन्य बैंकों में भी दो करोड़ से अधिक रुपये बांटे गये। इस तरह से पूरे दिन में लगभग 10 करोड़ रुपये बांट दिये गये लेकिन लोगों की जरूरत नहीं पूरी हुई। बैंकों में लाइनें जस की तस दिख रही हैं।
बैंक में कैश की कमी दूर होने का नाम नहीं ले रही हैं। अग्रणी बैंक में एक दिन पूर्व शाम को आठ करोड़ रुपया आया जिसे जिले की सभी 30 शाखाओं में वितरित कर दिया गया। उम्मीद की जा रही थी कि इस नकदी से बैंकों में कुछ दिन काम चल जाएगा। आठ करोड़ रुपये एक दिन में खत्म हो गए। यह स्थिति केवल अग्रणी बैंक से जुड़ी बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखाओं की हैं जबकि अन्य बैंकों की शाखाएं पहले से कैश न होने की समस्या से जूझ रही हैं। शुक्रवार को शहर की अधिकांश निजी क्षेत्र की बैंकों में कैश की कमी रहीं। वही स्टेट बैंक मेन ब्रांच, एचडीएफसी, इंडियन बैंक के एटीएम से ही नकदी निकल रही थी। शेष एटीएम पूरे दिन बंद रहे। एलटीएम मनोहर सिंह जनपांगी के अनुसार लगातार धनराशि वितरण के बाद भी बैंकों पर भीड़ कम नहीं हो रही है। मुख्यालय से और धनराशि मांगी गई है।
करेली में हुआ प्रदर्शन
बीसलपुर। शुक्रवार सुबह से ही बैंकों के गेट पर भीड़ शुरू हो गई। कई बैंकों में कैश देर से आने के कारण लोगों ने हंगामा भी किया। नगर के एटीएम शुक्रवार को पूरी तरह बंद रहे।
बिलसंडा। नगर की बैंकों में पैसा निकालने वालों का दिनभर तांता लगा रहा। बैंक और एटीएम में कैश खत्म होने से लोग परेशान रहें।
करेली। गांव स्थित पंजाब सिंध बैंक में शुक्रवार को सुबह से बैंक के गेट पर भीड़ लगी। काफी देर तक भुगतान न होने पर लोगों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। प्रदर्शन करने वालों में बिट्टू, मैका देवी, प्रेमवती, गिरीश चंद्र अवस्थी, सुनील मिश्रा, कृष्ण मुरारी, ऋषिके श, धनपाल सिंह, कृपाल सिंह, मनोज मिश्रा सुरेश शुक्ला, अनिल कुमार, गुड्डू शामिल रहे।
दोपहर बाद खत्म हो गया कैश
पूरनपुर। नगर की स्टेट बैंक शाखा और एक्सिस बैंक शाखा को छोड़कर करीब सभी बैंक शाखाओं में अपराह्न बाद कैश समाप्त हो गया। इससे सैकड़ों ग्राहक बगैर भुगतान लिए लौट गए। स्टेट बैंक शाखा में सर्वाधिक भीड़ रही। स्टेट बैंक, एचडीएफसी के एटीएम से रुपये निकालने वालों की लंबी लाइन लगी। बैंक ऑफ बड़ौदा, एचडीएफसी, ओरियंटल बैंक, सिंडीकेड, यूनियन बैंक, सेट्रल बैंक ऑफ इंडिया, पीएनबी, बीओआई, पीएसबी, केनरा बैंक में दोपहर बाद कैश खत्म हो गया।