ट्रक में पहले गन्ना भरने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जिससे गुस्साए एक पक्ष के तीन लोगों ने एक युवक की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घायल का मेडिकल परीक्षण कराया है। रिपोर्टिंग पुलिस चौकी करोड़ के ग्राम आमडार में एलएच चीनी मिल का गन्ना सेंटर है। रविवार को ट्रक में गन्ना पहले भरने को लेकर ग्राम गाजीपुर मुगल निवासी जावेद अली की अपने ही गांव के अजीम खां आदि से कहासुनी हो गई। इससे गुस्साएं अजीम खां ने अपने साथी हसीब खां और नसीम खां के साथ मिलकर उसकी लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, जिससे जावेद अली लहूलुहान हो गया। पुलिस ने घायल की ओर से तीनों हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।