बरखेड़ा थाने में तैनात दो पुलिस कर्मियों के जमानत तस्दीक प्रार्थना पत्र में सुविधा शुल्क की मांग करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। इसकी जानकारी लगने पर एसपी ने सीओ बीसलपुर को मामले की जांच कर जल्द रिपोर्ट मांगी है। ऐसे में दोनों पुलिसकर्मियों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है। सोशल साइट्स पर वायरल हुए इस वीडियो में बरखेड़ा पुलिस के हेड मोहर्रिर नरेश कुमार और कांस्टेबल महेंद्र पाल दिखाई दे रहे हैं। इसमें पांच सौ रुपये की मांग की जा रही है। बुधवार को वायरल हुए वीडियो की जानकारी एसपी देवरंजन वर्मा को हुई। एसपी ने पहले खुद मामले की जानकारी की। इसके बाद सीओ बीसलपुर हरीश भदौरिया को जांच के लिए बरखेड़ा थाने भेजा है। एसपी ने दोनों पुलिस कर्मियों के बयान दर्ज करने के साथ विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। एसपी ने बताया कि मामला 2011 में दर्ज किए गए दहेज हत्या के मुकदमे में जमानत तस्दीक प्रार्थना पत्र से जुड़ा है। सीओ बीसलपुर की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उसी के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।