यूपी 100 की गाड़ी के वोनट पर बैठकर फोटो खिंचवाकर वायरल करना मोहल्ला रजागंज निवासी लकी और उसके साथी को खासा महंगा पड़ गया। यूपी 100 के चालक की ओर से दोनों युवकों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यह मामला तीन जून का है। एक घटना की सूचना पर यूपी 100 की गाड़ी मोहल्ला रजागंज गई थी। स्टाफ कम होने और गलियां संकरी होने पर यूपी 100 गाड़ी की देखरेख का जिम्मा वहीं के कुछ लोगों को सौंपकर पुलिस वाले शिकायत सुनने चले गए। आरोप है कि इस दौरान मोहल्ला रजागंज निवासी लकी और उसके एक साथी ने यूपी 100 की गाड़ी के वोनट पर बैठकर फोटो खिंचवाए। पुलिस की गाड़ी पर बैठकर खींचे गए फोटो को व्हाट्सएप और यू-टूब पर वायरल कर दिए गए। इससे पुलिस की छवि धूमिल हुई। मामला संज्ञान में आने पर एसपी ने सीओ अनुराग दर्शन से मामले की जांच कराई। सीओ की जांच के बाद कोतवाली पुलिस ने यूपी 100 गाड़ी के चालक सोमपाल की ओर से लकी और उसके साथी के खिलाफ आईटीएक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।