एसपी रेलवे के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ को अभियान चलाया जा रहा है। रविवार रात भी पीलीभीत व लखीमपुर जीआरपी द्वारा अभियान चलाया गया। एसओ जीआरपी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मैलानी से रवाना हुई मरुधर एक्सप्रेस में दो संदिग्ध दिखे। जब उन्हें आवाज दी गई तो दोनों आउटर के समीप ट्रेन पहुंचते ही भागने लगे। इस पर जीआरपी ने भाग रहे दोनों युवकों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान एक युवक ने अपना नाम रामरक्षपाल निवासी बिलसंडा व दूसरे ने खुद को नूर मोहम्मद निवासी मोहल्ला ढका, पूरनपुर बताया। उन्होंने बताया कि तलाशी के रक्षपाल के पास से पांच किलो डोडा चूर्ण व नूरमोहम्मद के पास से चार किलो डोडा चूर्ण बरामद हुआ है। एक मोबाइल व 2500 रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। एसओ ने बताया कि 11 फरवरी को माला रेलवे स्टेशन के समीप कंजाहरैया निवासी जसवीर सिंह ज्वैलरी, मोबाइल आदि सामान चोरी हो गया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने इस घटना में भी शामिल होने की बात कही है। बरामद मोबाइल जसवीर का होना बताया जा रहा है। उन्हाेंने बताया कि दोनों का चालान कर कोर्ट भेजा गया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को जेल भेजा है।